जशपुर के सरकारी स्कूल में छात्रों को बाइबिल बाँटने का विवाद, व्याख्याता को शो-कॉज नोटिस, कलेक्टर और डीईओ को कार्रवाई की अनुशंसा
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 11 फरवरी 2026 : जशपुर जिले के शैक्षणिक जगत में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय केरसई में कक्षा के दौरान स्कूली छात्र–छात्राओं को बाइबिल बाँटने का आरोप लगा है। प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्याख्याता के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्कूल प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, आरोपी व्याख्याता दीपक तिग्गा 10 फरवरी को स्कूल में विलंब से पहुँचे और प्रिंसिपल से बिना भेंट किए सीधे कक्षा में गए, जहाँ उन्होंने छात्रों को बाइबिल की छोटी पुस्तिकाएँ बाँटना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रिंसिपल ने छात्रों के बैग की जांच करवाई, जिसमें 14 नग बाइबिल पुस्तिकाएँ बरामद की गईं।
स्कूल प्रबंधन ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन और अनुचित कृत्य मानते हुए व्याख्याता को शो कॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। साथ ही, प्रिंसिपल ने उक्त प्रकरण को गंभीर मानते हुए व्याख्याता के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी से अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा भी की है।
यह मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय शिक्षा जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शिक्षण संस्थान में बिना अनुमति किसी धार्मिक सामग्री का वितरण नियमों के विरुद्ध है और इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
------------