*खेत में उड़द तोड़ रहे परिवार पर मधुमक्खियों का हमला, वृद्धा समेत 4 घायल*
*खेत में उड़द तोड़ रहे परिवार पर मधुमक्खियों का हमला, वृद्धा समेत 4 घायल*
*खेत में उड़द तोड़ रहे परिवार पर मधुमक्खियों का हमला, वृद्धा समेत 4 घायल*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर/अंबिकापुर, 23 सितम्बर 2026:- सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवटीकरा में खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के चार लोगों पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में 65 वर्षीय वृद्धा, 4 साल की मासूम बच्ची और दो भाई घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। वृद्धा की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवटीकरा निवासी अजय यादव (40) अपने बड़े भाई प्रताप यादव (42) के साथ खेत में मवेशी चरा रहा था। वहीं अजय की मां मोहरमनिया (65) और उसकी 4 वर्षीय बेटी आरती उड़द तोड़ रही थीं। इसी दौरान उड़द के खेत में बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक मधुमक्खियां निकल आईं और चारों पर हमला कर दिया।
अजय ने अपनी बेटी को बचाने के लिए उसे गोद में लेकर ढक लिया। इसके बावजूद मधुमक्खियों ने उसके पूरे शरीर पर डंक मार दिया। उसकी मां मोहरमनिया भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों भाई और बच्ची भी मधुमक्खियों के डंक से जख्मी हुए।
ग्रामीणों ने कंबल से ढककर बचाई जान, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए चारों घर की ओर भागने लगे। रास्ते में ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत घर से कंबल लाकर अजय, उसकी मां और बेटी को ढक दिया। इससे मधुमक्खियों के हमले से उन्हें बचाया जा सका। वहीं प्रताप भागकर अपने घर पहुंच गया, जिसके बाद मधुमक्खियों ने उसका पीछा छोड़ दिया।
परिजन चारों घायलों को पहले खम्हरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उन्हें लखनपुर अस्पताल रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। यहां मोहरमनिया की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अजय और प्रताप का भी इलाज जारी है।