*तेरहवीं के दिन बेटे को मिली पिता की जगह नौकरी, पुलिस कप्तान ने घर जाकर सौंपा नियुक्ति पत्र*
*तेरहवीं के दिन बेटे को मिली पिता की जगह नौकरी, पुलिस कप्तान ने घर जाकर सौंपा नियुक्ति पत्र*
*तेरहवीं के दिन बेटे को मिली पिता की जगह नौकरी, पुलिस कप्तान ने घर जाकर सौंपा नियुक्ति पत्र*
*दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के घर पहुंचे जशपुर एसएसपी, बोले—दुःख की घड़ी में पूरा पुलिस परिवार साथ*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर, 23 सितम्बर 2026:- पुलिस विभाग में सेवाएं देते हुए दिवंगत हुए आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के लिए उनके निधन के महज कुछ दिनों बाद बड़ी राहत की खबर सामने आई। जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
खास बात यह रही कि नियुक्ति पत्र दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन उनके गृह ग्राम जुरतेला, पोस्ट पिलखी, थाना लोदाम पहुंचकर स्वयं पुलिस कप्तान ने प्रदान किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रायपुर में उपचार के दौरान हुआ था निधन
एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। वे वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे।
अपने सेवाकाल में उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर के साथ थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दीं।
त्वरित कार्रवाई कर पूरी की अनुकम्पा नियुक्ति प्रक्रिया
आरक्षक के निधन के बाद उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया। विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद 23 सितंबर को उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
इस दौरान पुलिस कप्तान ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।