*खाद लेकर लौट रहे किसान की हाथी के हमले में मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम*
*खाद लेकर लौट रहे किसान की हाथी के हमले में मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम*
*खाद लेकर लौट रहे किसान की हाथी के हमले में मौत, ग्रामीणों का चक्काजाम*
*प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सिंगरा जंगल की घटना; साथी ने भागकर बचाई जान, 20 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 22 अगस्त 2026 :- सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगरा में खाद लेकर घर लौट रहे एक 52 वर्षीय किसान रामलाल की, हाथी के हमले में मौत हो गई। वह अपने एक साथी के साथ बाइक से खाद लेकर घर लौट रहा था। सिंगरा जंगल के पास अचानक हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि हाथी ने रामलाल को कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद साथी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से क्षेत्र में हाथियों के विचरण की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिससे यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
गुरुवार सुबह परिजन और ग्रामीण शव लेकर घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर पोड़ी मोड़ चौक पहुंचे। यहां शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को 20 लाख रुपए मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
ग्रामीणों ने हाथियों से जान-माल की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान की भी मांग की। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही के बावजूद वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को समय पर अलर्ट नहीं किया जाता। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


