धान की बोरी लेकर जा रही महिला को कोयला लोड ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत
धान की बोरी लेकर जा रही महिला को कोयला लोड ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत
धान की बोरी लेकर जा रही महिला को कोयला लोड ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत
लोक सीजी न्यूज / 7 मई 2026 : सूरजपुर जिले के करंजी-झूमरपारा मार्ग पर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक करंजी चौकी क्षेत्र के ग्राम करंजी निवासी मानमति (48) पति स्वर्गीय पारस राम पैदल नवापारा गांव स्थित रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG 15 EA-6899 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि महिला सिर पर धान की बोरी रखकर चल रही थीं। संकरे रास्ते में बोरी ट्रेलर की बॉडी से टकरा गई, जिससे महिला संतुलन खो बैठीं और सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
मुआवजे के आश्वासन के बाद खुला चक्काजाम, ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने करंजी-झूमरपारा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी।
प्रशासन की ओर से मृतिका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई तथा उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


