*जशपुर में 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले अमर चौधरी सम्मानित*
*सूर्यमंडल संगठन ने किया सम्मान, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत*
लोक सीजी न्यूज/जशपुरनगर, 22 अक्टूबर : मानवता, सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले जशपुर नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी अमर चौधरी को 100 से अधिक बार स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए सूर्यमंडल संगठन द्वारा विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। उनका यह योगदान समाज में जनसेवा और मानवता की भावना को मजबूत करता है।
जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर
अमर चौधरी पिछले कई वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे जरूरतमंद मरीजों, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं। उनके इस सराहनीय कार्य ने क्षेत्र के अनेक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया है।
सम्मान समारोह में सूर्यमंडल संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अमर चौधरी का समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनका योगदान रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने पर अमर चौधरी ने कहा कि यह सम्मान हर उस रक्तदाता का है, जो निस्वार्थ भाव से दूसरों की जान बचाने का प्रयास करता है। उन्होंने स्वस्थ रहने तक रक्तदान और जनजागरूकता अभियान जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।