*जिले के आत्मानंद स्कूलों में भर्ती में कथित अनियमितता और स्वास्थ्य विभाग में टीबी मरीजों के निवाले में डाका मामले में गिरी गाज*
*कलेक्टर ने अधिकारियों के प्रभार बदले, विभागों की जिम्मेदारियां तय*
*डिप्टी कलेक्टर हरिओम दवेदी से स्वास्थ्य तो प्रशांत कुशवाहा से छिना शिक्षा विभाग*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 19 अगस्त 2026 :- जानकारी के अनुसार , जशपुर जिला प्रशासन में कामकाज को व्यवस्थित करने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन किया है।
ज्ञात होगी पिछले शिक्षा सत्र में जिले के आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों और अन्य पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितता के आरोप लगे थे। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग में जितनी भी गड़बड़ियां और भ्रष्टाचार के मामले उजागर हुए उनमें जांच के नाम पर लगातार लीपा पोती के आरोप लग रहे थे, समझा जा रहा है कि इसी दबाव में कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।
14 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। इसके तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार को 18 विभागों का विभागीय प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इनमें कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, रेशम, पशुपालन, खादी ग्रामोद्योग, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कौशल विकास, उद्योग, शिक्षा, लीड बैंक, जल संसाधन और सूचना प्रौद्योगिकी सहित अन्य विभाग शामिल हैं।
अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रदीप कुमार साहू को दांडिक तथा राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। वे राजस्व अनुविभागों से प्राप्त पुनरीक्षण प्रकरणों, पंचायत राज अधिनियम से संबंधित मामलों, नजूल पट्टों के नवीनीकरण तथा कृषि खातों की अधिकतम जोत सीमा से जुड़े मामलों का निराकरण करेंगे। इसके अलावा उन्हें सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्रथम अपीलीय अधिकारी सहित कई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
डिप्टी कलेक्टरों को भी मिली अलग-अलग शाखाओं की जिम्मेदारी
डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा को विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं के साथ खनिज, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, रेडक्रॉस सहित कई विभागों का प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरिओम द्विवेदी को निर्वाचन, मंडी निर्वाचन तथा सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन से जुड़े दायित्व सौंपे गए हैं। उन्हें जिला नाजिर, लेखा, ऑडिट, आपदा प्रबंधन एवं राहत शाखा समेत विभिन्न शाखाओं की जिम्मेदारी भी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कुमार राठिया को परीक्षा शाखा, जिला शहरी विकास अभिकरण, नगरीय निकायों से संबंधित न्यायालयीन प्रकरण, वक्फ संपत्ति, जिला जनसूचना, आवक-जावक, समय-सीमा और सुशासन तिहार जैसी शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है। डिप्टी कलेक्टर प्रियंका रानी गुप्ता को न्यायिक एवं व्यवहारवाद शाखा, जिला अभियोजन, शिकायत एवं सतर्कता, जनसमस्या निवारण शिविर तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े कार्य सौंपे गए हैं।
इसके अलावा अनुविभागीय अधिकारियों को भी विभागीय जिम्मेदारियां दी गई हैं। आदेश में अधिकारियों की अनुपस्थिति या अवकाश की स्थिति में कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए लिंक अधिकारियों की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। आदेश के अनुसार मुख्यालय में लिंक अधिकारी के भी उपस्थित नहीं होने पर वहां मौजूद अधिकारी कार्य संपादित करेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा।