मृतक ने खुद अपनी हत्या की दी थी सुपारी
मृतक ने खुद अपनी हत्या की दी थी सुपारी
*बहुचर्चित अक्षत अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी को उम्रकैद*
*सनसनीखेज खून के मामले में मृतक ने खुद अपनी हत्या की दी थी सुपारी ?*
लोक सीजी न्यूज / अंबिकापुर 19 अगस्त 2026 :- शहर के अंबिका स्टील के संचालक महेश केडिया के 23 वर्षीय बेटे अक्षत अग्रवाल हत्याकांड में कोर्ट ने आरोपी संजीव मंडल उर्फ भानू बंगाली को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। करीब दो साल चली सुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, डॉक्टर, परिजनों और दोस्तों समेत 33 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके बाद सप्तम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश महेश कुमार राज की अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया।
जंगल में कार के अंदर मिला था अक्षत का शव
20 अगस्त 2024 की शाम अक्षत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन 21 अगस्त को उसका शव शहर से लगे चठिरमा जंगल में उसकी कार के अंदर मिला था। पुलिस ने मामले में अंबिका स्टील के पूर्व कर्मचारी संजीव मंडल को हिरासत में लिया था। उसकी निशानदेही पर 3 पिस्टल और 31 कारतूस बरामद किए गए थे। इसके अलावा 50 हजार रुपए नकद और अक्षत की सोने की चेन, ब्रेसलेट व अंगूठी भी मिली थी।
आरोपी का बयान कि, मृतक ने खुद अपनी हत्या की दी थी सुपारी
आरोपी ने पुलिस को बताया था कि अक्षत ने खुद अपनी हत्या की सुपारी दी थी। उसके अनुसार अक्षत ने हत्या के बदले नकद रकम और सोने के जेवर उसे देने की बात कही थी। आरोपी के मुताबिक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे अक्षत ने ही उसे गोली चलाने के लिए कहा था। पहली बार पिस्टल नहीं चली, जिसके बाद अक्षत ने ट्रिगर दबाया और गोली उसके सीने में लगी। इसके बाद आरोपी ने दो और गोलियां चलाईं।
पुलिस ने आरोपी का नार्को, पॉलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग टेस्ट भी कराया था। जांच में घटनास्थल पर आरोपी और अक्षत के अलावा किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई।
कोर्ट ने आरोपी को बीएनएस की धारा 103(1) के तहत आजीवन सश्रम कारावास और आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत 5 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी करीब दो साल से जेल में है।