5 लाख की सुपारी देकर ससुर की हत्या, दामाद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार*
*5 लाख की सुपारी देकर ससुर की हत्या, दामाद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार*
*5 लाख की सुपारी देकर ससुर की हत्या, दामाद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार*
लोक सीजी न्यूज जशपुर / अंबिकापुर, 20 सितम्बर 2026 :- अंबिकापुर शहर के रसूलपुर निवासी 70 वर्षीय एलआईसी एजेंट बशीरूद्दीन सिद्दीकी की 16 सितंबर को घर में चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को भी झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की बेटी का अपने पति मो. नाजिम शबा से तलाक का केस चल रहा था। केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए नाजिम ने ससुर की हत्या की साजिश रची और 5 लाख रुपए की सुपारी देकर झारखंड से दो शूटर बुलाए थे।
घटना के दिन सुबह करीब 10.15 बजे तीन आरोपी किराए के मकान के संबंध में बातचीत करने के बहाने बशीरूद्दीन के घर पहुंचे और चाकू से पेट पर ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर में उनकी मौत हो गई।
पिस्टल, 6 कारतूस और चाकू बरामद
बेटी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में दामाद नाजिम शबा के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे झारखंड के कंचन कुमार और स्थानीय आरोपी नेजारूद्दीन उर्फ गुड्डू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चौथा आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25) फरार था।
पुलिस ने शुक्रवार को उसे झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के खुटार गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल, एक नया चाकू और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपी को भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।