*सोगड़ा में 30वां सोगड़ा महोत्सव: महा विभूति स्थल के स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब*
*नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और भंडारा का आयोजन*
लोक सीजी न्यूज/जशपुरनगर, 26 अक्टूबर: श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में महा विभूति स्थल का 30वां स्थापना दिवस 'सोगड़ा महोत्सव' के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर जिले सहित देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।
समारोह का शुभारंभ सोमवार सुबह सर्वेश्वरी समूह एवं बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबा गुरुपद संभव राम द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अघोरेश्वर भगवान राम की चरण पादुका, शिवलिंग के पूजन और महाआरती के साथ हुआ। पूजा के उपरांत परंपरा अनुसार श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक महा विभूति स्थल की परिक्रमा कर अपनी आस्था प्रकट की। उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर 1996 को स्थापना के बाद से ही हर वर्ष 26 अक्टूबर को यह परिक्रमा और उत्सव की परंपरा अनवरत निभाई जा रही है।
विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और अन्नपूर्णा भंडारा
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है, जो जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य शिविरों में से एक है। इसमें एलोपैथिक, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक विशेषज्ञों सहित देशभर के 31 चिकित्सक नि:शुल्क सेवाएं दे रहे हैं। शिविर में हजारों मरीजों का पंजीयन कर उनका इलाज किया जा रहा है तथा नि:शुल्क दवाइयां वितरित की जा रही हैं। इसके साथ ही आश्रम परिसर में स्थापित 'अन्नपूर्णा नगर' में श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे नि:शुल्क भंडारे (महाप्रसाद) की व्यवस्था की गई है।
लाखों भक्तों की पावन स्थली है सोगड़ा
बाबा अघोरेश्वर भगवान राम की कर्मभूमि रही सोगड़ा को 'शक्रधर ग्राम' के नाम से भी जाना जाता है। अघोर परंपरा में समाधि स्थल का अत्यंत विशेष महत्व माना जाता है, जहां बाबा अघोरेश्वर की चरण पादुका और पवित्र शिवलिंग स्थापित हैं। हर वर्ष इस अवसर पर लाखों भक्त महा विभूति स्थल पर शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।