प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु DSP से मारपीट, कार में भी की तोड़फोड़; 6 आरोपी गिरफ्तार
*प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु DSP से मारपीट, कार में भी की तोड़फोड़; 6 आरोपी गिरफ्तार*
*प्रतिमा विसर्जन के दौरान
प्रशिक्षु DSP से मारपीट, कार
में भी की तोड़फोड़; 6 आरोपी
गिरफ्तार*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर, 26 सितम्बर 2026 :- सरगुजा में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। अब बदमाश पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। गुरुवार रात अंबिकापुर-दरिमा मार्ग पर ग्राम कंठी और जगदीशपुर के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उनकी निजी कार में भी तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे वे ड्यूटी खत्म कर अपनी निजी कार से अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान कंठी और जगदीशपुर के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली भीड़ के कारण सड़क पर जाम लग गया। उनकी कार भी जाम में फंस गई।
बताया जा रहा है कि रास्ता जाम होने पर डीएसपी ने विसर्जन में शामिल लोगों से साइड देने को कहा। इसी बात पर कुछ युवक उनसे विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। युवकों ने डीएसपी के साथ मारपीट की और उनकी कार में भी तोड़फोड़ कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में 18 से 44 साल तक के युवक शामिल
पुलिस ने मामले में जगदीशपुर निवासी अनिल राजवाड़े (42), धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू (22), रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल (19), शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव (44), नीरज राजवाड़े (20) और मुकेश दास (18) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर के रहने वाले हैं।
शहर में लगातार बढ़ रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं
अंबिकापुर और आसपास के इलाकों में इन दिनों मारपीट, चाकूबाजी और आपसी विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी शहर में कई बार विवाद के दौरान मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। अब प्रशिक्षु डीएसपी के साथ हुई मारपीट ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से असामाजिक तत्वों में कानून का डर बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।