भाजपा नेता हत्याकांड: आरोपियों का निकाला जुलूस, सड़कों पर उमड़ी भीड़
भाजपा नेता हत्याकांड: आरोपियों का निकाला जुलूस, सड़कों पर उमड़ी भीड़
भाजपा नेता हत्याकांड:
आरोपियों का निकाला
जुलूस, सड़कों पर उमड़ी भीड़
*अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ के नारे लगवाए; चेहरे दिखाने की मांग के बाद पुलिस का एक्शन*
लोक सीजी न्यूज नेटवर्क 21 जून 2026 : कोरिया जिले में भाजपा नेता हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ के नारे भी लगवाए गए। आरोपियों को देखने के लिए सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दरअसल, पुलिस पर लगातार यह आरोप लग रहे थे कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी उनके चेहरे सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं। लोगों की मांग के बाद शाम को पुलिस ने आरोपियों को सार्वजनिक रूप से पेश करते हुए जुलूस निकाला और उनके खिलाफ सख्त संदेश देने की कोशिश की।
समझौते के बहाने बुलाकर
हमला, कार में जिंदा जलाया;
3 की मौत, 2 जिंदगी की जंग
लड़ रहे
रेत खनन विवाद में दो भाजपा गुट आमने-सामने; विधायकों के करीबी नेताओं के बीच पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह
जानकारी के मुताबिक, रेत खनन और परिवहन को लेकर कोरिया जिले के दो भाजपा नेताओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह थे, जिन्हें बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े का करीबी माना जाता है, जबकि दूसरे पक्ष में मनोज त्रिपाठी थे, जो भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के नजदीकी बताए जाते हैं।
16 जून की रात करीब 12 बजे भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों नागेंद्र सिंह, बिरेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह के साथ समझौते की बातचीत के लिए मनोज त्रिपाठी के घर के पास पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने टिपर वाहन से उनकी कार को टक्कर मार दी और रास्ता रोक लिया। इसके बाद धारदार हथियारों से हमला किया गया तथा कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
हमले में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कार के भीतर ही जलकर मौत हो गई। वहीं फरसे के वार से घायल बिरेंद्र सिंह और करीब 80 प्रतिशत तक झुलसे शिक्षक नागेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल योगेंद्र सिंह और मयंक सिंह रायपुर के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।


