*भालू के हमले में ग्रामीण की मौत* *बकरियां चराने गए ग्रामीण पर भालू ने किया हमला, रायपुर ले जाते समय मौत*
*भालू के हमले में ग्रामीण की मौत*
*बकरियां चराने गए ग्रामीण पर भालू ने किया हमला, रायपुर ले जाते समय मौत*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 14 अगस्त 2026 :- सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय ग्रामीण चैतू राम की मौत हो गई। वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के आसनपानी जंगल में भी भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल ग्रामीण का इलाज शंकरगढ़ अस्पताल में चल रहा है। दोनों घटनाओं के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है।
उदयपुर ब्लॉक के ग्राम सितकालो निवासी चैतू राम बुधवार सुबह बकरियां चराने के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल गया था। इसी दौरान खुखड़ी की तलाश में वह जंगल के भीतर चला गया। वहां अचानक उसका सामना भालू से हो गया। भालू ने उसके सिर, कंधे और पीठ पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
भालू से बचने ग्रामीण ने अंतिम सांस तक किया संघर्ष
चैतू राम ने भालू से बचने के लिए काफी संघर्ष किया। कुछ देर बाद भालू जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद वह किसी तरह घायल अवस्था में गांव पहुंचा। परिजन उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही चैतू राम ने दम तोड़ दिया।


