*चूहामार दवा खाने के बाद नवविवाहिता की मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप*
*चूहामार दवा खाने के बाद नवविवाहिता की मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप*
*चूहामार दवा खाने के बाद नवविवाहिता की मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर, 22 सितम्बर 2026 :- पड़ोसी जिले अंबिकापुर के मैनपाट क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता वर्षा यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
उसने 17 सितंबर को चूहामार दवा का सेवन कर लिया था, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब चार दिन तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 प्रगतिनगर निवासी उमेश यादव की बेटी वर्षा यादव की शादी मई 2026 में सामाजिक रीति-रिवाज से मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ हुई थी। वर्षा आगे पढ़ाई करना चाहती थी और उसका बिश्रामपुर स्थित कॉलेज में एडमिशन कराया गया था।
परिजनों के अनुसार, 17 सितंबर को अजय यादव ने वर्षा की तबीयत खराब होने की जानकारी उसके पिता को फोन पर दी। कुछ देर बाद उसने बताया कि वर्षा ने चूहामार दवा खा ली है और उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां वर्षा को आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान 19 सितंबर को वर्षा ने अपने पिता से ससुराल वालों के व्यवहार को लेकर शिकायत की। इसके बाद 22 सितंबर की सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पिता का आरोप- पति ने पेट पर चढ़कर दबाया गला, बेटी ने भेजा था मैसेज
मृतका के पिता उमेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि 15 सितंबर को वर्षा ने फोन कर ससुराल में मारपीट होने की जानकारी दी थी। पिता के मुताबिक, बेटी ने बताया था कि उसका पति पेट पर चढ़कर उसका गला दबा रहा था। इस पर उन्होंने बेटी को समझाते हुए कहा था कि वह जल्द ही दोनों से मिलकर बात करेंगे।
पिता ने बताया कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर लिखा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए। इसके कुछ देर बाद ही अजय यादव का फोन आया और उसने बताया कि वर्षा की तबीयत खराब है। बाद में उसने वर्षा द्वारा चूहामार दवा खाने की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने पर वर्षा की हालत गंभीर थी और वह ठीक से बोल नहीं पा रही थी। परिजनों के अनुसार, हालत में कुछ सुधार होने पर उसने ससुराल वालों के व्यवहार को लेकर शिकायत की। पिता का दावा है कि वर्षा ने अपनी चाची को मारपीट से संबंधित फोटो और रिकॉर्डिंग भी दिखाई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 18 सितंबर को दामाद की ओर से पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
पति ने कहा- अचानक खा ली चूहामार दवा
वहीं, वर्षा के पति अजय यादव का कहना है कि वर्षा बिश्रामपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करना चाहती थी। 17 सितंबर को उसने अचानक चूहामार दवा खा ली, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चार दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतका के परिजनों और पति के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।