*सरकारी जमीन पर खूनी संघर्ष: कब्जे के विवाद में एक पक्ष पर हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार*
*सरकारी जमीन पर खूनी संघर्ष: कब्जे के विवाद में एक पक्ष पर हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार*
*सरकारी जमीन पर खूनी संघर्ष: कब्जे के विवाद में एक पक्ष पर हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार*
*डॉक्टरी रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि के बाद पुलिस की कार्रवाई, 3 महिलाएं भी भेजी गईं जेल*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 28 जुलाई 2026 :- बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जे के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। ग्राम गोंदला में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि एक महिला भी घायल हो गई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद एक ही परिवार के 3 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोंदला निवासी कुशवाहा और कनोजिया परिवार गांव की एक सरकारी जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 7 जुलाई से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर जब एक पक्ष विवादित जमीन पर जुताई कर रहा था, तभी दूसरा पक्ष वहां पहुंच गया। विरोध करने पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
हमले में रामप्रसाद कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि एक महिला भी घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर बसंतपुर पुलिस ने कनोजिया परिवार के 6 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(3) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में कामेश्वर उर्फ राजेश्वर कनोजिया (40), तिलेश्वर कनोजिया (42), रवि कनोजिया (22), राजकुमारी कनोजिया (62), सीता कनोजिया (37) और ममता कनोजिया (42) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


