आमने-सामने बाइक भिड़ंत, दो युवकों की मौत

आमने-सामने बाइक भिड़ंत, दो युवकों की मौत

आमने-सामने बाइक भिड़ंत, दो युवकों की मौत
अम्बिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

 आमने-सामने बाइक भिड़ंत, दो युवकों की मौत

लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर, 26 फरवरी 2026। सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम केरता पंछीडांड़ के पास बुधवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल फोन से हुई शिनाख्त

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उनके पास मिले मोबाइल फोन से हो सकी। मृतक ऋतिक बेक (21 वर्ष), ग्राम सौतार, थाना प्रतापपुर का रहने वाला था, जो बुधवार दोपहर बारात जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। दूसरी ओर से आ रहे बाइक सवार की पहचान विनोद कुमार तिरखाई (36 वर्ष) निवासी ग्राम सेवारी, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर के रूप में हुई।

तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋतिक प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर तेज रफ्तार में केरता पंछीडांड़ के पास पहुँचा ही था कि सामने से आ रहे विनोद की बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। भीषण टक्कर से दोनों युवक सिर के बल सड़क पर गिर पड़े।

परिजन पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन देर रात अस्पताल पहुँचे। परिजनों ने बताया कि विनोद किसी कार्य से अंबिकापुर आया हुआ था और घर लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गया।
गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।