*कैलाशगुफा जल चढ़ाने जा रहे 15 साल के राहुल की सड़क हादसे में मौत*
*कैलाशगुफा जल चढ़ाने जा रहे 15 साल के राहुल की सड़क हादसे में मौत* *भोलेनाथ को जल चढ़ाने जा रहे थे दो किशोर, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर*
*कैलाशगुफा जल चढ़ाने जा रहे 15 साल के राहुल की सड़क हादसे में मौत*
*भोलेनाथ को जल चढ़ाने जा रहे थे दो किशोर, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 24 अगस्त 2026 :- सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने कैलाश गुफा जा रहे दो किशोर सड़क हादसे का शिकार हो गए। बतौली- बगीचा मार्ग पर ग्राम बिलासपुर के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 15 वर्षीय राहुल बिंझिया की मौत हो गई, जबकि उसके साथी सुनील का इलाज जारी है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा निवासी राहुल बिंझिया पिता सुरेंद्र बिंझिया अपने दोस्त ग्राम करौटी के खुटरापारा निवासी सुनील के साथ रविवार को बाइक से कैलाश गुफा जाने निकला था। दोनों सावन के आखिरी सोमवार को भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने वाले थे।
रविवार देर शाम दोनों बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार क्रमांक सीजी 15 डीवी-0588 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल बतौली के शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील का उपचार जारी है।
25 अगस्त को था राहुल का जन्मदिन, घर में पसरा मातम
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि राहुल का जन्मदिन 25 अगस्त को था। उसने सोचा था कि सावन के आखिरी सोमवार को भोलेनाथ को जल चढ़ाने के बाद अगले दिन अपना जन्मदिन परिवार और दोस्तों के साथ धूमधाम से मनाएगा। लेकिन जन्मदिन से ठीक पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई।
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इधर, बतौली पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।


