*ऑपरेशन थिएटर में महिला को डॉक्टर ने मारा थप्पड़, बाद में मचा बवाल*
*ऑपरेशन थिएटर में महिला को डॉक्टर ने मारा थप्पड़, बाद में मचा बवाल* *भड़के परिजन अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग*
*ऑपरेशन थिएटर में महिला को डॉक्टर ने मारा थप्पड़, बाद में मचा बवाल*
*भड़के परिजन अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 26 मई 2026 : मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में नसबंदी कराने पहुंची एक महिला के साथ कथित तौर पर ऑपरेशन थिएटर में महिला डॉक्टर द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, शहर की एक महिला मंगलवार को नसबंदी कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी। ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर उसे ऑपरेशन थिएटर में लेकर गईं। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला को दर्द महसूस हो रहा था। दर्द के कारण उसने पैर हिलाया तो डॉक्टर ने उसे थप्पड़ मार दिया।
ऑपरेशन के बाद महिला ने पूरी घटना अपने पति और परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि महिला को सही तरीके से एनेस्थिसिया नहीं दिया गया था, जिसकी वजह से उसे दर्द हो रहा था।
महिला मरीज ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसकी बात सुनने के बजाय रूखा व्यवहार किया। महिला के मुताबिक, जब उसने दर्द की शिकायत की तो डॉक्टर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि "यहां क्यों आ जाते हो?" महिला ने बताया कि वह दर्द से परेशान थी और इसी दौरान डॉक्टर ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
महिला के पिता पुनील मंडल ने कहा कि डॉक्टरों को धैर्य के साथ मरीजों का इलाज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर ही संयम खो देंगे तो मरीजों का भरोसा टूट जाएगा।
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण लिया जाएगा और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


