*जशपुर में बकरी चोर गिरोह का पर्दाफाश: ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा, दो साथी कार लेकर फरार*
*जशपुर में बकरी चोर गिरोह का पर्दाफाश: ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा, दो साथी कार लेकर फरार*
*जशपुर में बकरी चोर गिरोह का पर्दाफाश: ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा, दो साथी कार लेकर फरार*
*सीतापुर से चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे आरोपी; पुलिस खंगाल रही आपराधिक रिकॉर्ड*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 4 जून 2056 : जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से बकरी चोरी की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई। कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष) निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी बरामद की गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल टांगी, मोबाइल फोन, टॉर्च और टेप सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पड़ोसी की सूचना से खुली चोरी की वारदात
पुलिस के मुताबिक बैगाटोली निवासी किषुन राम ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने अपने घर में नौ बकरे-बकरियां पाल रखी थीं। 2 जून की रात सभी पशुओं को गोहार में बांधकर वह सो गया था। देर रात करीब दो बजे पड़ोसी ने फोन कर घर के बाहर एक संदिग्ध वाहन खड़े होने और कुछ लोगों के घूमने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर जब वह बाहर निकला तो घर के एक कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद गोहार में जाकर देखा तो वहां से एक बकरा और एक बकरी गायब थे।
ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा एक आरोपी
इसी बीच गांव के लोगों ने एक संदिग्ध युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनीष खान बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी की गई बकरी बरामद हुई। वहीं उसके दो साथी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
खुद को बताया कुख्यात बादी गिरोह का सदस्य
पुलिस पूछताछ में अनीष खान ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सीतापुर से चोरी करने आया था। उसने खुद को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य भी बताया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना लोदाम में आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस बोली- जल्द गिरफ्त में होंगे फरार आरोपी
एसपी जशपुर लाल उमेद सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की जागरूकता और तत्परता के कारण आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा जा सका। फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


