*धान रोपाई के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दंपती पर गिरी आकाशीय बिजली, स्कूल के प्यून की मौत; पत्नी गंभीर*
*धान रोपाई के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दंपती पर गिरी आकाशीय बिजली, स्कूल के प्यून की मौत; पत्नी गंभीर*
*धान रोपाई के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दंपती पर गिरी आकाशीय बिजली, स्कूल के प्यून की मौत; पत्नी गंभीर*
*सरगुजा के रकेली गांव की घटना, बारिश से बचने के लिए पेड़ की शरण लेना पड़ा भारी; निजी अस्पताल में चल रहा महिला का इलाज*
लोक सीजी न्यूज/ जशपुर /अंबिकापुर 3 अगस्त 2026 :- सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रकेली में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। दोनों बारिश से बचने के लिए खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़े थे। घायल महिला का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, रकेली निवासी बिहारी मिंज शासकीय स्कूल में प्यून के पद पर कार्यरत थे। शनिवार शाम करीब 4 बजे वे अपनी पत्नी सोनमेत मिंज के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू होने पर दोनों भीगने से बचने के लिए खेत के पास एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों और परिजनों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बिहारी मिंज को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनमेत मिंज की हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


