*शहडोल में जेवर चोरी कर फरार हुईं दो युवतियां राजपुर में गिरफ्तार, यूपी से भागकर झारखंड जाने की थी तैयारी*

*शहडोल में जेवर चोरी कर फरार हुईं दो युवतियां राजपुर में गिरफ्तार, यूपी से भागकर झारखंड जाने की थी तैयारी*

*शहडोल में जेवर चोरी कर फरार हुईं दो युवतियां राजपुर में गिरफ्तार, यूपी से भागकर झारखंड जाने की थी तैयारी*
आरोपियों से बरामद जेवरात

*शहडोल में जेवर चोरी कर फरार हुईं दो युवतियां राजपुर में गिरफ्तार, यूपी से भागकर झारखंड जाने की थी तैयारी*

लोक सीजी न्यूज / जशपुर/ बलरामपुर, 6 सितम्बर 2026 :- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में घर से सोने की चेन और चांदी की पायल चोरी कर फरार हुईं दो युवतियों को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों युवतियां अंबिकापुर से राजपुर पहुंची थीं और रामानुजगंज के रास्ते झारखंड भागने की फिराक में थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें संदिग्ध हालत में पकड़ लिया।

सूचना मिलने के बाद शहडोल पुलिस की टीम राजपुर पहुंची और दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और चांदी की पायल भी बरामद की है।

घरेलू काम के लिए रखा था, मौका मिलते ही जेवर लेकर हुईं फरार

जानकारी के मुताबिक, शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने घरेलू कामकाज के लिए दो अनजान युवतियों को मासिक वेतन पर काम पर रखा था। दोनों युवतियां महिला के घर में घरेलू कार्य करती थीं।

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद मकान मालकिन की तबीयत खराब हो गई और वह इलाज कराने के लिए अस्पताल चली गई। इसी दौरान दोनों युवतियों ने घर में रखी आलमारी से सोने की चेन और तीन चांदी की पायल चोरी कर लीं और मौके से फरार हो गईं।

जब महिला इलाज के बाद घर लौटी तो दोनों युवतियां घर से गायब मिलीं। आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे जेवर भी नहीं मिले। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत शहडोल कोतवाली थाने में दर्ज कराई।

शहडोल पुलिस ने राजपुर पुलिस को दी सूचना

मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शहडोल पुलिस ने दोनों युवतियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपियों का हुलिया और अन्य आवश्यक जानकारी बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की राजपुर पुलिस को भेजी।

सूचना के आधार पर राजपुर पुलिस ने संदिग्ध हुलिए वाली दो युवतियों को क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों ने शुरुआत में पुलिस को अपना सही नाम-पता नहीं बताया।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपना सही नाम-पता बताया और शहडोल में हुई चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

देवरिया की रहने वाली हैं दोनों युवतियां

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की रहने वाली हैं। दोनों अंबिकापुर से राजपुर पहुंची थीं और रामानुजगंज होते हुए झारखंड जाने की तैयारी में थीं।

राजपुर पुलिस ने मामले की जानकारी शहडोल पुलिस को दी। इसके बाद शहडोल कोतवाली थाने से महिला पुलिसकर्मियों की टीम राजपुर पहुंची और दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर अपने साथ शहडोल ले गई।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की सोने की चेन और चांदी की पायल बरामद की है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

शहडोल पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 306 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

कार्रवाई में शहडोल थाने के सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ तिवारी, प्रधान आरक्षक सरिता सिंह राठौर, महिला आरक्षक अरुंधती और प्रियंका ताम्रकार शामिल रहीं।