करंट लगने से हुई थी जशपुर के नारायणपुर थानेदार की मौत पुलिस सैलरी पैकेज योजना से पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपए बीमा की राशि का चेक
करंट लगने से हुई थी जशपुर के नारायणपुर थानेदार की मौत पुलिस सैलरी पैकेज योजना से पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपए बीमा की राशि का चेक
करंट लगने से हुई थी जशपुर के नारायणपुर थानेदार की मौत
पुलिस सैलरी पैकेज योजना से पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपए बीमा की राशि का चेक
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 13 फरवरी 2026 : जुलाई 2025 में घर पर कार्य के दौरान करंट लगने से जशपुर जिले के नारायणपुर थाने में पदस्थ निरीक्षक रामसाय पैंकरा का निधन हो गया था।
अब जाकर छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक ने उनकी पत्नी मुनेश्वरी पैंकरा को 1 करोड़ रुपए का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया। बीमा राशि का चेक अधिकारियों की उपस्थिति में परिजनों को सौंपा गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा भी मौजूद रहे।
स्वर्गीय रामसाय पैंकरा सरगुजा रेंज के अंतर्गत जिला जशपुर में थाना प्रभारी नारायणपुर के पद पर पदस्थ थे। वे पुलिस मुख्यालय द्वारा चंदखुरी में आयोजित सात दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में शामिल हुए थे। कोर्स समाप्ति के बाद 27 जुलाई 2025 को वे अपने गृह ग्राम सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुरगांव पहुंचे थे, जहां घर पर कार्य के दौरान करंट लगने से उनका असामयिक निधन हो गया। रामसाय पैंकरा वर्ष 2022 से वे जिला जशपुर में पदस्थ थे। सेवानिवृत्ति से लगभग छह माह पूर्व ही दुर्घटना में उनका निधन हो गया। विभाग में वे सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे।
इस योजना से मिलती है आर्थिक सुरक्षा
पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और एसबीआई के बीच हुए समझौते के तहत संचालित है। योजना के अनुसार एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले पुलिसकर्मी की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके वैध नामांकित व्यक्ति को 1 करोड़ रुपए तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए का बीमा कवर प्रदान किया जाता है।


