वनभूमि में जेसीबी से जंगल उजाड़ कर हो रहा था अवैध कब्जा पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज, जेसीबी जप्त
वनभूमि में जेसीबी से जंगल उजाड़ कर हो रहा था अवैध कब्जा पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज, जेसीबी जप्त
वनभूमि में जेसीबी से जंगल उजाड़ कर हो रहा था अवैध कब्जा
पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज, जेसीबी जप्त
जशपुरमगर 12 मार्च 2026 : जशपुर वन मंडल के अंतर्गत बगीचा में वनभूमि में अवैध उत्खनन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मौके से एक जेसीबी मशीन जब्त कर पांच लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
वन विभाग को 11 मार्च 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि वन परिक्षेत्र बगीचा के रेंगले परिसर अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-1379, ग्राम बेन्द में जेसीबी मशीन के माध्यम से वनभूमि पर अतिक्रमण करते हुए अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी जशपुर शशि कुमार के निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा यशस्वी मोरी के नेतृत्व में वन अमले की टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।
टीम पहुंचते ही बंद कराया गया उत्खनन
वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने की जानकारी मिलते ही जेसीबी से खुदाई कर रहा चालक अवैध उत्खनन कार्य बंद कर मशीन को हटाकर ग्राम रेंगपुर निवासी हेमन राम वटट मंगल राम (पहाड़ी कोरवा) के घर के सामने कच्ची सड़क किनारे खड़ा कर चला गया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और पीले रंग की जेसीबी मशीन (चेसिस नंबर RAJ3DX54E03490013, इंजन नंबर 55E2208) को विधिवत जब्त कर लिया।
0.178 हेक्टेयर क्षेत्र में मिला अवैध कब्जा
मौके के निरीक्षण में पाया गया कि वनभूमि कक्ष क्रमांक पी-1379 में लगभग 0.178 हेक्टेयर क्षेत्र में अवैध उत्खनन किया गया है। इससे वनभूमि को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ प्राकृतिक संरचना और क्षेत्र की जैव विविधता को भी क्षति पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और पंचनामा के आधार पर वाहन चालक रूपेश यादव, वीरेंद्र कुमार, रमेश यादव, अखिलेश यादव, पिताम्बर यादव और रामजी यादव के बयान लिए गए।
जांच में सामने आया कि जब्त जेसीबी मशीन के मालिक मिथलेश यादव (पिता बालगोविंद यादव, निवासी गुडहरकोना) के कहने पर यह अवैध उत्खनन कराया जा रहा था।
वन अपराध प्रकरण दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
वनभूमि को क्षति पहुंचाने और जैव विविधता को नुकसान पहुंचाने के कारण संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21498/01, दिनांक 12 मार्च 2026 दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण, उत्खनन या अन्य अवैध गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसे मामलों में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि वन क्षेत्रों में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


