*केराडीह में गूंजी कौमी एकता की आवाज, देशभक्ति के तरानों पर झूमे लोग*
* सद्भावना कव्वाली के आयोजन में सभी समाज के लोगों का किया गया सम्मान, शाकिब अली साबरी की प्रस्तुति ने बांधा समां*
कुनकुरी/केराडीह, 26 अक्टूबर : जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम केराडीह में कौमी एकता और सामाजिक सद्भावना का संदेश देने वाली सद्भावना कव्वाली महफिल सजी। सेराज खान के नेतृत्व मे आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों और समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के तरानों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम में सभी समाजों और धर्मों के लोगों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। इस आयोजन ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता का खूबसूरत संदेश दिया।
कार्यक्रम के शुरुआत में सेराज खान ने सभी धर्म समाज के सभी गणमान्य नागरिकों का मंच पर साल श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं सुशीला साय व राजीव नंदे द्वारा केक और रिबन काटकर कार्यक्रम शुरू हुआ।
कव्वाल शाकिब साबरी की देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा केराडीह
कार्यक्रम में मशहूर कव्वाल शाकिब अली साबरी ने देशभक्ति गीतों के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की। हिंदुस्तान की एकता, देशप्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देती कव्वाली ने मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। उनकी दमदार आवाज और शानदार अंदाज पर श्रोता तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाते नजर आए। प्रस्तुति से प्रभावित होकर लोगों ने कलाकारों को नकद इनाम देकर सम्मानित भी किया।
आयोजन में विभिन्न समाजों के लोगों की भागीदारी ने आपसी प्रेम, सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया। रस्मे सुन्नत के अवसर पर हुई इस महफिल में संगीत के माध्यम से सामाजिक सौहार्द की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि धर्म और परंपराओं की विविधता के बावजूद आपसी भाईचारा और इंसानियत समाज की असली ताकत हैं।