*मोबाइल को लेकर घर में हुई कहासुनी, 2 दिन बाद खेत के कुएं में मिली 19 साल की युवती की लाश*
*मोबाइल को लेकर घर में हुई कहासुनी, 2 दिन बाद खेत के कुएं में मिली 19 साल की युवती की लाश* *मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी 19 वर्षीय बेटी, परिवार में पसरा मातम*
*मोबाइल को लेकर घर में हुई कहासुनी, 2 दिन बाद खेत के कुएं में मिली 19 साल की युवती की लाश*
*मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी 19 वर्षीय बेटी, परिवार में पसरा मातम*
लोक सीजी न्यूज नेटवर्क 23 मई 2026 : सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घर से लापता 19 वर्षीय युवती का शव दो दिन बाद खेत स्थित कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामनगर के डबरीपारा निवासी 19 वर्षीय मनीषा मानिकपुरी 20 मई को घर पर थी। इसी दौरान वह अपने छोटे भाई से मोबाइल मांग रही थी। भाई द्वारा मोबाइल देने से मना करने पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस दौरान मां ने दोनों को समझाते हुए डांट दिया।
बताया जा रहा है कि मां की फटकार से युवती नाराज हो गई और बिना किसी को बताए घर से बाहर निकल गई। परिजनों ने पहले सोचा कि वह आसपास कहीं गई होगी और थोड़ी देर में लौट आएगी, लेकिन देर शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ गई।
दो दिन से लापता थी युवती
युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के साथ-साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार लगातार उसकी खोजबीन में जुटा हुआ था।
खुद के खेत के कुएं में दिखा शव
इसी बीच 22 मई की सुबह युवती का चाचा खेत में पानी पटाने गया था। जब उसने कुएं में झांककर देखा तो पानी में एक युवती का शव तैरता दिखाई दिया। कपड़ों से पहचान होने पर उसे आशंका हुई कि यह उसकी भतीजी है। सूचना मिलने पर परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


