खेल-खेल में आग में डाली बैटरी, धमाके में 1 साल के मासूम की मौत*
*खेल-खेल में आग में डाली बैटरी, धमाके में 1 साल के मासूम की मौत*
*खेल-खेल में आग में डाली बैटरी, धमाके में 1 साल के मासूम की मौत*
*भाई-बहन के साथ खेल रहा था आदित्य; चेहरे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें, इलाज के दौरान तोड़ा दम*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 2 जून 2026 : सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेल-खेल में आग में बैटरी डालने से हुए तेज धमाके में 1 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार अलसुबह उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुर निवासी आदित्य सिंह नेताम (1 वर्ष) 31 मई को अपनी मां और भाई-बहन के साथ घर में खेल रहा था। पिता महेंद्र सिंह नेताम सुबह ट्रैक्टर लेकर काम पर निकल गए थे। इसी दौरान आदित्य के बड़े भाई-बहन घर के पास बाड़ी की ओर गए और कूड़े-कचरे में पड़ी एक बैटरी उठाकर घर ले आए।
शाम करीब 5 बजे उनकी मां पानी भरने नल पर चली गई थीं। इसी बीच तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों ने जल रही आग में बैटरी डाल दी। कुछ ही देर बाद बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आकर मासूम आदित्य गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसके भाई-बहन किसी तरह वहां से भाग निकले।
धमाके की आवाज सुनकर मां दौड़कर मौके पर पहुंची तो देखा कि आदित्य बुरी तरह घायल पड़ा हुआ है। उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों में गंभीर चोटें आई थीं। पूछताछ करने पर बच्चों ने पूरी घटना की जानकारी दी।
रात करीब 9 बजे पिता काम से घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन तत्काल आदित्य को प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार तड़के मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


