तेज रफ्तार कार 30 फीट गड्ढे में गिरी, युवक गंभीर घायल रायपुर से यूपी के भदोही जा रहा था युवक, अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर हुआ हादसा
तेज रफ्तार कार 30 फीट गड्ढे में गिरी, युवक गंभीर घायल रायपुर से यूपी के भदोही जा रहा था युवक, अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर हुआ हादसा
तेज रफ्तार कार 30 फीट गड्ढे में गिरी, युवक गंभीर घायल
रायपुर से यूपी के भदोही जा रहा था युवक, अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर हुआ हादसा
लोक सीजी न्यूज नेटवर्क / 12 मई 2026 रायपुर से उत्तर प्रदेश के भदोही जा रही तेज रफ्तार कार अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर डेम मोड़ के पास अनियंत्रित होकर कार सड़क से करीब 30 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने मशक्कत कर उसे बाहर निकाला और लखनपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के भदोही निवासी अभिषेक पांडेय (32) वर्तमान में रायपुर के कबीरनगर में रहता है। वह मंगलवार तड़के कार से अपने गृहग्राम भदोही के लिए निकला था। सुबह करीब 7.30 बजे वह बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे क्रमांक-130 पर कुंवरपुर डेम मोड़ के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसकी कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए गड्ढे में जा गिरी।
कई बार पलटी कार, लोगों ने कड़ी मशक्कत से चालक को बाहर निकाला
हादसे के बाद कार में फंसे अभिषेक पांडेय को राहगीरों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलट गई थी। मौके पर मौजूद लोगों को युवक के बचने की उम्मीद कम थी, लेकिन गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।
सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। युवक ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को भी दे दी है।


