*अवैध रेत के कारोबारी बाप बेटे पर एफआईआर दर्ज*
अवैध रेत उत्खनन से रोकने पर गाली-गलौज व जान से मारने की दी थी धमकी — वायरल वीडियो पर जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर नगर 25 फरवरी 2026 : गांव से होकर बहने वाली नदी से स्थानीय लोगों ने जब अवैध रेत के कारोबारी को अंधाधुंध और अवेध रूप से रेत उत्खनन करने से रोका, तो चौकी ऊपर कछार, थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिंगीबहार में दुकान के भीतर दो व्यक्तियों द्वारा दुकानदार से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
दबंगों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया।
जांच में पता चला कि वीडियो में दिख रहे दोनों संदिग्ध रवि गुप्ता (27 वर्ष) और युधिष्ठिर गुप्ता (55 वर्ष) पिता–पुत्र हैं तथा उड़ीसा राज्य के सरहदी गांव ललकिडीह के निवासी हैं। आरोप है कि 24 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 11 बजे वे ग्राम सिंगीबहार स्थित दुकान में पहुंचे और दुकानदार रमेश कुमार साहू (51 वर्ष) के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना की शिकायत पर चौकी ऊपर कछार में दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि अग्रिम विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।