मदर्स डे के दिन ही कलयुगी बेटे ने ले ली मां की जान: शराब पीकर लौटा, डांटने पर सिलबट्टे से किया हमला
मदर्स डे के दिन ही कलयुगी बेटे ने ले ली मां की जान: शराब पीकर लौटा, डांटने पर सिलबट्टे से किया हमला
मदर्स डे के दिन ही कलयुगी बेटे ने ले ली मां की जान: शराब पीकर लौटा, डांटने पर सिलबट्टे से किया हमला
लोक सीजी न्यूज नेटवर्क / 12 मई 2026 : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अंतर्गत लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत गजाधरपुर के चेरवापारा में मातृ दिवस के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपनी विधवा मां की सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी शराब के नशे में था और घर लौटने पर मां द्वारा डांट-फटकार लगाने से नाराज हो गया था।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार चेरवापारा निवासी 45 वर्षीय फलेन बाई, पति स्वर्गीय ईश्वर प्रसाद चेरवा, रविवार को घर पर थीं। उनका बड़ा बेटा 25 वर्षीय दिगंबर शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि वह घर का सरिया बेचकर शराब पी गया था। जब वह नशे की हालत में घर पहुंचा तो मां ने उसे फटकार लगाई। इसी बात पर गुस्साए बेटे ने घर में रखे सिलबट्टे से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से फलेन बाई बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
छोटे बेटे ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार
घटना के समय घर में केवल एक छोटी बच्ची मौजूद थी, जबकि मृतका का छोटा बेटा नमेश काम पर गया हुआ था। सूचना मिलने पर वह घर पहुंचा और मां को गंभीर हालत में निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर ले गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी दिगंबर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।


