*सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाइगीरी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया*
*सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाइगीरी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया*
*सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाइगीरी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर/सरगुजा, 21 सितम्बर 2026:- सरगुजा के सीतापुर में ज्वेलर्स संचालक से दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवरात की उठाइगीरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
मामले में सरगुजा पुलिस ने दूसरे आरोपी शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू (30) को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।
मालूम हो कि, सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी की हाईस्कूल सीतापुर के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 26 जुलाई की सुबह करीब 11.30 बजे वह स्कूटी से सोने-चांदी की ज्वेलरी लेकर दुकान पहुंचा था। उसने ज्वेलरी से भरा बैग स्कूटी के सामने रखा और दुकान का शटर खोलने लगा। इसी दौरान एक युवक बैग उठाकर मौके से फरार हो गया।
ज्वेलर्स संचालक के मुताबिक बैग में करीब 1 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात थे। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो आरोपी बाइक से ज्वेलरी लेकर फरार होते नजर आए। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पहले आरोपी से 46 लाख के जेवर बरामद, अब दूसरा भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा निवासी दास नागेश्वर उर्फ चांटी दास को उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 300.92 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत करीब 43 लाख रुपए, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के जेवर, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई गई, बरामद किए गए थे। पुलिस ने कुल करीब 46 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए थे।
इसके बाद पुलिस टीम मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को दूसरे आरोपी के ओडिशा के जाजपुर जिले के कोरई थाना क्षेत्र के ग्राम पुरबो कोट में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू पिता काली प्रधान, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सीतापुर में करीब 1 करोड़ रुपए की ज्वेलरी की उठाइगीरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के साथ ही लूटे गए शेष जेवरात की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।