जंगल में मिली युवती की लाश: धारदार हथियार से की गई पिंकी सोलंकी की हत्या, पति पर ही हत्या का शक
जंगल में मिली युवती की लाश: धारदार हथियार से की गई पिंकी सोलंकी की हत्या, पति पर ही हत्या का शक
जंगल में मिली युवती की लाश:
धारदार हथियार से की गई पिंकी सोलंकी की हत्या, पति पर उठे सवाल
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 30 जनवरी 2026 / सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरभंज डेम के पास जंगल में एक युवती की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंबिकापुर के गांधीनगर निवासी पिंकी सोलंकी (24 वर्ष) पिता परमेश्वर पाटिल के रूप में हुई है। पिंकी विवाहित थी और उसकी 7 वर्षीय बेटी भी है।
गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे निशान
जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे स्थानीय लोगों ने मोरभंज डेम के पास जंगल किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान पिंकी सोलंकी के रूप में की।
शव की स्थिति से स्पष्ट था कि उसकी निर्मम हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है, क्योंकि उसके गर्दन पर गहरे घाव के निशान पाए गए। पुलिस ने प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई है।
एक दिन पहले बेटी को छोड़ बाजार जाने की बात कहकर निकली थी। मृतका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने जयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि, 29 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे पिंकी अपनी बेटी मंजू को उसके पास छोड़कर बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। अगले दिन उसकी हत्या की सूचना मिली।
पहले पति से अलग होकर किया था प्रेम विवाह
पुलिस जांच में सामने आया है कि पिंकी ने पहले पति को छोड़कर पटना पंडोपारा निवासी हेमंत कुमार उर्फ गोलू से प्रेम विवाह किया था। दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे, लेकिन आपसी विवाद और झगड़ों के कारण पिंकी अपनी बेटी को लेकर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि पिंकी और हेमंत के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी रंजिश के चलते परिजन हेमंत उर्फ गोलू पर हत्या का शक जाहिर कर रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
परिजनों की सूचना के बाद एसडीओपी अभिषेक पैकरा और जयनगर थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


