*30 फीट ऊंची मटकी... 300 गोविंदाओं का जोर, 40 हजार दर्शकों की गूंज में कृष्णा-11 ने फोड़ी दही हांडी*

*30 फीट ऊंची मटकी... 300 गोविंदाओं का जोर, 40 हजार दर्शकों की गूंज में कृष्णा-11 ने फोड़ी दही हांडी*

*30 फीट ऊंची मटकी... 300 गोविंदाओं का जोर, 40 हजार दर्शकों की गूंज में कृष्णा-11 ने फोड़ी दही हांडी*
प्रतियोगिता के रोमांचक क्षण

30 फीट ऊंची मटकी... 300

गोविंदाओं का जोर, 40 हजार

दर्शकों की गूंज में कृष्णा-11

ने मारी बाजी

विजेता टीम को मिला 1,11,111 रुपए का पुरस्कार

लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर। जन्माष्टमी के अवसर पर जशपुर में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और दहीहांडी प्रतियोगिता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

श्री बालाजी जनकल्याण समिति की ओर से आयोजित 20वीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में 10 टीमों के करीब 300 गोविंदाओं ने हिस्सा लिया।

रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए 40 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे।

30 फीट ऊंची मटकी के लिए जोर-आजमाइश

30 फीट की ऊंचाई पर टांगी गई दहीहांडी को फोड़ने के लिए टीमों ने एक के बाद एक कई प्रयास किए।

करीब 30 से अधिक प्रयासों के बाद कृष्णा-11 पत्थलगांव की टीम ने मजबूत मानव पिरामिड तैयार कर मटकी फोड़ने में सफलता हासिल की।

इसके साथ ही कृष्णा-11 प्रतियोगिता की विजेता बनी।

पहली बार बालाजी मंदिर से निकली शोभायात्रा

आयोजन के 20वें वर्ष में समिति ने नई परंपरा की शुरुआत की।

पहली बार प्रतियोगिता में शामिल सभी 10 टीमों की शोभायात्रा बालाजी मंदिर से निकाली गई।

ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ निकली शोभायात्रा देशभांडे चौक और सिटी कोतवाली होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची।

शोभायात्रा में शहरवासियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

10 टीमों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता में महाकाल, सीएसके ग्रुप, बजरंग दल, डीसी क्लब, पिक-अप संघ, अघोरी टीम, कृष्णा-11 पत्थलगांव, यंग आर्मी, विश्वकर्मा टीम और कुली नंबर-01 ने हिस्सा लिया।

सभी टीमों ने मटकी तक पहुंचने के लिए कई बार मानव पिरामिड बनाने का प्रयास किया।

विजेता टीम को 1,11,111 रुपए का पुरस्कार

विजेता कृष्णा-11 पत्थलगांव की टीम को 1 लाख 11 हजार 111 रुपए का पुरस्कार जशपुर विधायक रायमुनि भगत की ओर से दिया गया।

पुरस्कार मिलने के बाद विजेता टीम के सदस्यों में खासा उत्साह नजर आया।

मंत्री ने की हर साल 2 लाख रुपए देने की घोषणा

कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इस आयोजन के लिए अपनी ओर से हर साल 2 लाख रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उम्मेद लाल सिंह ने भी आयोजन की सराहना की।

उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे।

डीजे राइडर के डीजे शो, अनिल मुंडा एवं सरस्वती बुनकर के नागपुरी कार्यक्रम और कमलेश्वर सारथी के सैक्सोफोन वादन ने दर्शकों का मनोरंजन किया।

संदीप शर्मा और अंजली गुप्ता की संगीतमय प्रस्तुतियों पर भी दर्शक झूमते नजर आए।

जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ भवन सन्निर्माण मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, मंडल उपाध्यक्ष रागिनी भगत और कल्याण आश्रम से वासुदेव राम भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्री बालाजी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष पंडित मनोज रमाकांत मिश्र, संयोजक एवं समाजसेवी संजय अग्रवाल सहित समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए दर्शकों, प्रशासन और सहयोगियों का आभार जताया।