मृत व्यक्ति के नाम से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन रजिस्ट्री की थी तैयारी, भू माफियाओं पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

जशपुर पुलिस ने भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि मृतक जमीन मालिक के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर, उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी से पॉवर ऑफ अटर्नी बनवाई गई थी। पुलिस ने मामले में भादवि की धारा 420, 467, 468, 471 और 120 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

मृत व्यक्ति के नाम से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन रजिस्ट्री की थी तैयारी, भू माफियाओं पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
फर्जीवाड़ा के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपी

मृत व्यक्ति के नाम से फर्जी पॉवर ऑफ अटर्नी बनाकर जमीन बेचने की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

जशपुर/लोक सीजी न्यूज़ 
जशपुर पुलिस ने भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि मृतक जमीन मालिक के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर, उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी से पॉवर ऑफ अटर्नी बनवाई गई थी। पुलिस ने मामले में भादवि की धारा 420, 467, 468, 471 और 120 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार शर्मा (34 वर्ष, निवासी दरबारी टोली, जशपुर) और अघनु राम (58 वर्ष, निवासी टंगरा टोली, जशपुर) शामिल हैं।

शिकायत और जांच से उजागर हुई साजिश

ग्राम गम्हरिया निवासी महेश राम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत और न्यायालय में परिवाद दायर कर आरोप लगाया था कि उसके पिता सोमरा राम की मृत्यु 2014 में हो चुकी है, फिर भी उनकी कृषि भूमि पर भू माफियाओं ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिक्री की कोशिश की।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने मृतक सोमरा राम के नाम से जाली आधार कार्ड बनवाया जिसमें फोटो आरोपी अघनु राम का था। आरोपी अघनु राम ने ही उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी में स्वयं को सोमरा राम बताकर पॉवर ऑफ अटर्नी जारी करवाई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद आरोपियों जितेंद्र कुमार शर्मा और अघनु राम को हिरासत में लेकर उनके आधार कार्ड जब्त किए। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि आनंद खलखो और रामलाल के साथ मिलकर उन्होंने पॉवर ऑफ अटर्नी का काम कराने की साजिश रची थी।

आनंद खलखो और रामलाल अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जालसाजी कर मृत व्यक्ति के नाम से फर्जी व्यक्ति खड़ा करने और पॉवर ऑफ अटर्नी लेने की साजिश का पर्दाफाश किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

कार्रवाई में रही इनकी भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे और प्रवीण टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।