जल जीवन मिशन की बड़ी उपलब्धि: जशपुर के राजपुर गांव में हर घर तक पहुंचा नल का पानी

जशपुर जिले के भितघरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव राजपुर ने ‘हर घर जल’ लक्ष्य हासिल कर लिया है। पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति के 69 परिवार अब घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।

जल जीवन मिशन की बड़ी उपलब्धि: जशपुर के राजपुर गांव में हर घर तक पहुंचा नल का पानी

जशपुरनगर, 27 सितंबर 2025

जशपुर जिले के भितघरा पंचायत के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव राजपुर ने ‘हर घर जल’ लक्ष्य हासिल कर लिया है। पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति के 69 परिवार अब घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।

लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव की कुल आबादी 247 है, जिसमें अधिकतर लोग पहाड़ी कोरवा जनजाति से हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 2 उच्च स्तरीय एकल ग्राम योजनाओं के जरिये हर घर में नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विशेष पिछड़ी जनजातियों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दूरस्थ और कठिन अंचलों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन स्तर पर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जशपुर के उपखंड बगीचा के सहायक अभियंता श्री अभिषेक गुप्ता और उप अभियंता श्री विकास एक्का ने ग्राम राजपुर की योजना पर विशेष ध्यान देकर इसे समय पर पूरा कराया। कार्य पूर्ण होने के बाद गांव को ‘हर घर जल’ श्रेणी में शामिल किया गया।

ग्रामवासी करूणा दास और अन्य लोगों ने बताया कि जल जीवन मिशन से पहले उन्हें 500 मीटर दूर ढलान पर स्थित कुएं से पानी लाना पड़ता था, जो बेहद कठिन था। अब घर पर ही नल कनेक्शन से शुद्ध पेयजल मिलने लगा है, जिससे लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।

ग्रामीणों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री श्री साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।