*वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा नहीं रहे, पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति*
*वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा नहीं रहे, पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति*
*वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा नहीं रहे, पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति*
लोक सीजी न्यूज / पत्थलगांव -: छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता जगत के लिए सोमवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का सोमवार प्रातः करीब 5 बजे निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकार जगत के साथ-साथ पूरे जशपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
करीब पांच दशकों तक बेबाक, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करने वाले रमेश शर्मा को छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता का मजबूत स्तंभ माना जाता था। अपनी वरिष्ठता, स्पष्टवादी लेखनी और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की उनकी शैली ने उन्हें प्रदेशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई। जशपुर जिले से लेकर छत्तीसगढ़ के अनेक बड़े नेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के बीच उनका विशेष सम्मान और मजबूत पकड़ रही।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जाता है। उनके निधन को पत्रकारिता जगत ऐसी क्षति मान रहा है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।
बनारस में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार वाराणसी (बनारस) में किया जाएगा। रमेश शर्मा के निधन पर पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और जिले के विभिन्न वर्गों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके जाने से जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ ने पत्रकारिता का एक सशक्त, सम्मानित और बेबाक स्वर खो दिया।


