*जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही 18 वर्षीय युवती को करैत सांप ने काटा, ईलाज के दौरान अस्पताल में मौत*
*जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही 18 वर्षीय युवती को करैत सांप ने काटा, ईलाज के दौरान अस्पताल में मौत*
*जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही 18 वर्षीय युवती को करैत सांप ने काटा, ईलाज के दौरान अस्पताल में मौत*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 11 जून 2026 : जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जोराडोल के सुगापारा में सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई है। घर में सो रही एक 18 वर्षीय युवती को विषैले सांप ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जोराडोल (सुगापारा) निवासी समिता मांझी (18 वर्ष) मंगलवार रात अपने घर में चटाई पर सो रही थी। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसके दाहिने हाथ में डस लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को जानकारी मिलते ही वे उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती का उपचार शुरू किया, लेकिन शरीर में जहर तेजी से फैलने के कारण उसकी स्थिति लगातार गंभीर होती गई। उपचार के दौरान ही समिता ने दम तोड़ दिया। युवती की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
झाड़-फूंक में समय न गंवाएं, तत्काल अस्पताल पहुंचें : डॉ. जेम्स मिंज
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेम्स मिंज ने लोगों से सर्पदंश को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक, टोना-टोटका या अंधविश्वास के चक्कर में समय बिल्कुल भी बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराना चाहिए।
बीएमओ पत्थलगांव Dr जेम्स मिंज ने कहा कि सर्पदंश के मामलों में शुरुआती समय सबसे मत्वपूर्ण होता है। यदि समय रहते मरीज को चिकित्सकीय सहायता मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने, जमीन पर सोने से बचने तथा रात में मच्छरदानी का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी है।
_----------


