बाढ़ में दो स्थानों पर आफत में फंसी 4 लोगों की जान
बाढ़ में दो स्थानों पर आफत में फंसी 4 लोगों की जान मरगा डुमरटोली एनिकट में ट्रेक्टर का चालक और तीन मजदूर बाढ़ के पानी में फंसे दोकड़ा के डोढ़ीबहार गांव के पास ईब नदी में तीन मछुआरे बाढ़ में फंस गए हैं
बाढ़ में दो स्थानों पर आफत में फंसी 4 लोगों की जान
मरगा डुमरटोली एनिकट में ट्रेक्टर का चालक और तीन मजदूर बाढ़ के पानी में फंसे
दोकड़ा के डोढ़ीबहार गांव के पास ईब नदी में तीन मछुआरे बाढ़ में फंस गए हैं
लोक सीजी न्यूज़/ जशपुरनगर. पिछले चार दिनों से हो रही अनवरत वर्षा से अब जशपुर जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त होता जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्र जहां अमूमन बारिश का पानी तेजी से निचले इलाकों में निकल जाता है वहां भी अनवरत हो रही वर्षा से बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है।
जिले भर में पहाड़ी नदी नाले उफान पर हैं, जिससे कई स्थानों पर लोगों की जान पर आप पड़ी है। गुरुवार देर शाम तक जिले में दो स्थानों पर 4 लोग बाढ़ के पानी में फंसे हैं, जिन्हें रेस्क्यू करने के लिए एसडीआरएफ की टीम के साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी डटे हुए हैं लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों स्थानों से लोगों को निकालने में सफलता हासिल नहीं हुई है
पहले मामले में जिला मुख्यालय जशपुर के जलप्रदाय योजना के लिए मनोरा विकासखंड के डूमरटोली के समीप मरगा नदी में बने एनिकट में भारी बारिश के बीच रेत निकालने के काम में लगा एक ट्रैक्टर एनिकट के बीच में पानी के तेज बहाव में फंस गया है, ट्रैक्टर के चालक को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम भी जुटी हुई है लेकिन समाचार लिखे जाने तक इन्हें सुरक्षित निकाले जाने में सफलता नहीं मिली है।
दोकड़ा डोढ़ीबहार गांव के पास ईब नदी में फंसे तीन मछुआरे
दूसरे मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह ग्राम के समीप, दोकड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत डोढ़ीबहार गांव के पास ईब नदी में तीन मछुआरे बाढ़ में फंस गए हैं। तीनों मछुआरे मछली पकड़ने नदी के बीच चट्टानों पर पहुंचे थे, तभी अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ गया और वे चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और बढ़ते अंधेरे के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
मौके पर मौजूद एसडीएम नंदजी पांडे ने बताया कि तीनों मछुआरे फिलहाल नदी के बीच एक बड़ी चट्टान पर फंसे हुए हैं। पानी का बहाव बेहद तेज है, जिससे स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन उन्हें सुरक्षित निकालने का हर संभव प्रयास कर रहा है।


