*पटवारी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता जिलाबदर, 1 साल तक इन 6 जिलों में नहीं कर सकेगा प्रवेश*
*पटवारी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता जिलाबदर, 1 साल तक इन 6 जिलों में नहीं कर सकेगा प्रवेश*
*पटवारी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता जिलाबदर, 1 साल तक इन 6 जिलों में नहीं कर सकेगा प्रवेश*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर/ अंबिकापुर 10 सितम्बर 2026 :- सरगुजा जिले के दरिमा तहसील कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट करने वाले भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू कुजूर के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। सरगुजा कलेक्टर ने राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5 के तहत उसे एक साल के लिए जिले से निष्कासित करने का आदेश जारी किया है।
कलेक्टर के आदेश के मुताबिक जितेंद्र कुजूर 10 सितंबर 2026 से अगले एक साल तक सरगुजा समेत जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आदतन बदमाश जितेंद्र कुजूर के खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 5 (क) और (ख) के तहत जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। प्रतिवेदन के आधार पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जवाब लेने के साथ उसे विधिवत सुनवाई का अवसर भी दिया गया।
अभियोजन और रिपोर्टकर्ता के साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिला दंडाधिकारी ने जिला बदर का आदेश जारी किया।
तहसील कार्यालय में घुसकर पटवारी पर कुर्सी से किया था हमला, चाकू लेकर दौड़ाया
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम सोहगा निवासी जितेंद्र कुजूर ने 23 अप्रैल को दरिमा स्थित तहसील कार्यालय में घुसकर पटवारी से मारपीट की थी। बताया गया कि आरोपी पटवारी पर सोहगा आरआई के मोबाइल पर कॉल कर बात कराने का दबाव बना रहा था। बात नहीं कराने पर वह भड़क गया और पटवारी से गाली-गलौज करते हुए कुर्सी से हमला कर दिया।
इसके बाद आरोपी अपनी कार से चाकू लेकर वापस आया और पटवारी तथा चौकीदार को मारने के लिए दौड़ाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पटवारी की शिकायत पर दरिमा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस ने मामले में धारा 221, 132, 296, 351(3), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत कार्रवाई की थी। अब जिला प्रशासन ने उसके खिलाफ एक साल के लिए जिला बदर की कार्रवाई की है।


