*एक दशक का इंतजार खत्म: कुनकुरी - पत्थलगांव एनएच सड़क निर्माण का रास्ता साफ, मेसर्स विनोद जैन कंस्ट्रक्शन को मिला ठेका*
*एक दशक का इंतजार खत्म: कुनकुरी - पत्थलगांव एनएच सड़क निर्माण का रास्ता साफ, मेसर्स विनोद जैन कंस्ट्रक्शन को मिला ठेका* *ठेकेदार का वादा विभाग ने किया सहयोग तो, 24 महीने की अवधि को 18 महीने में करेंगे पूरा*
*एक दशक का इंतजार खत्म: कुनकुरी - पत्थलगांव एनएच सड़क निर्माण का रास्ता साफ, मेसर्स विनोद जैन कंस्ट्रक्शन को मिला ठेका*
*ठेकेदार का वादा विभाग ने किया सहयोग तो, 24 महीने की अवधि को 18 महीने में करेंगे पूरा*
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 12 जून 2026 : करीब एक दशक से लंबित कटनी-गुमला नेशनल हाईवे परियोजना के तहत पत्थलगांव से कुनकुरी तक 65 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार, लगभग 125 करोड़ रुपए लागत वाली इस सड़क के निर्माण का ठेका जशपुर से जुड़े विनोद कुमार जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। दिल्ली स्थित एनएचएआई मुख्यालय में कंपनी और विभाग के बीच अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य 24 माह में पूरा किया जाना है, हालांकि कंपनी ने 18 माह के भीतर सड़क निर्माण पूरा करने का दावा किया है। कंपनी के प्रतिनिधि मुकेश जैन ने बताया कि टेंडर 25 प्रतिशत कम दर (बिलो रेट) पर प्राप्त किया गया है। विशेष बात यह है कि 10 जून को अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के अगले ही दिन 11 जून से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
पहली प्राथमिकता सड़क को यातायात योग्य बनाना, लोगों में जगी नई उम्मीद
मुकेश जैन ने बताया कि वर्तमान में कंपनी की पहली प्राथमिकता पूरी सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना है। हाल ही में बारिश के कारण कुनकुरी-पत्थलगांव मार्ग पर लंबा जाम लगा था और सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे थे। ऐसे में सबसे पहले पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्गों की मरम्मत कर उन्हें यातायात योग्य बनाया जा रहा है।
सड़क निर्माण का ठेका विनोद कुमार जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिलने से जिले के लोगों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि अब न केवल निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा, बल्कि गुणवत्ता से भी समझौता नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जशपुर में इसी कंपनी द्वारा एनटीपीसी लारा के सीएसआर मद से कल्याण आश्रम अस्पताल के छह मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता और कार्य की गति की प्रशंसा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा चुकी है।
बताया जा रहा है कि जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी चाहते थे कि सड़क निर्माण का कार्य किसी सक्षम एजेंसी को मिले, ताकि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द पूरा किया जा सके। अब अनुबंध और कार्यारंभ के बाद जिलेवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से खराब हालत में पड़ी यह सड़क जल्द ही बेहतर स्वरूप में नजर आएगी।


