*काम पर जाने की नसीहत से भड़का पोता, बसुले से दादा की हत्या; 24 घंटे में गिरफ्तार*
*काम पर जाने की नसीहत से भड़का पोता, बसुले से दादा की हत्या; 24 घंटे में गिरफ्तार*
*काम पर जाने की नसीहत से भड़का पोता, बसुले से दादा की हत्या; 24 घंटे में गिरफ्तार*
*सिर और गले पर किए ताबड़तोड़ वार, वारदात के बाद भागा आरोपी 60 किमी दूर राजपुर क्षेत्र से पकड़ा गया*
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 9 जून 2026 : पड़ोसी जिले बलरामपुर-रामानुजगंज के चांदो थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही दादा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना रविवार दोपहर की है। बताया जा रहा है कि दादा द्वारा कामकाज करने की सलाह दिए जाने से नाराज होकर पोते ने बसुले से सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम नवाडीह निवासी मुनिया केरकेट्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जून को उनके पति भुवनेश्वर केरकेट्टा (65) घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका पोता अरुण केरकेट्टा (20) घर पहुंचा। बातचीत के दौरान भुवनेश्वर ने अरुण से कहा कि वह कोई कामकाज क्यों नहीं करता और कहीं रोजगार के लिए क्यों नहीं जाता। इस बात पर अरुण गुस्से में आ गया।
आरोप है कि उसने घर में रखे बसुले (लकड़ी छीलने के औजार) से दादा के सिर और गले पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भुवनेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भागने लगा। परिजनों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया।
सूचना मिलने पर चांदो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
60 किलोमीटर दूर से दबोचा गया आरोपी
पुलिस की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजपुर क्षेत्र की ओर भाग रहा है। इसके बाद चांदो और राजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी जिले से बाहर भागने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया।
सोमवार को आरोपी अरुण केरकेट्टा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


