*जशपुर में 25 अप्रैल से अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता, विजेता को 3.11 लाख का इनाम*
*दूसरे स्थान पर आने वाली टीम को 1.51 लाख रुपए का पुरस्कार*
लोक सीजी न्यूज / जशपुरनगर 19 अप्रैल 2026: जशपुर में खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्व. शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल फ्लड लाइट टेनिस बॉल अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 25 अप्रैल से रणजीता स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन यंग तिरंगा समिति, जशपुर द्वारा किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में देश भर की टीमें हिस्सा ले सकती हैं। प्रतियोगिता के विजेता टीम को 3,11,111 रुपए का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 1,51,111 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता फ्लड लाइट में आयोजित होगी, जिससे दर्शकों को रात में भी रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
आयोजकों नीतिश गुप्ता और निखिल गुप्ता के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 11,500 रुपए रखा गया है। टीमों के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 18 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ बाहरी टीमों के आने से जशपुर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आयोजकों ने अधिक से अधिक टीमों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।
----------