*सामाजिक सरोकारों पर एकजुट हुए पत्थलगांव के पत्रकार, संगठन मजबूत करने पर बनी सहमति*
*सामाजिक सरोकारों पर एकजुट हुए पत्थलगांव के पत्रकार, संगठन मजबूत करने पर बनी सहमति*
*विश्राम गृह में हुई बैठक; जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, फर्जी खबरों से सतर्क रहने और पत्रकारिता की मर्यादा बनाए रखने पर जोर*
लोक सीजी न्यूज / पत्थलगांव 13 जुलाई 2026 : सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से रविवार देर शाम स्थानीय विश्राम गृह में पत्थलगांव के पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों ने संगठन की मजबूती, आपसी एकता, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों के प्रभावी प्रकाशन, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सहभागिता तथा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर सहमति जताई।
बैठक में लंबे समय से चली आ रही आपसी दूरियों को समाप्त कर सभी पत्रकारों ने एक मंच पर संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र सिंह भाटिया ने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि उन पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर समाधान की दिशा में पहल करना भी है।
प्रेस क्लब के वरिष्ठ संरक्षक हरगोविंद अग्रवाल ने पत्रकारों से भ्रामक और अपुष्ट खबरों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार अफवाहें फैलती हैं, जबकि पत्रकार की जिम्मेदारी तथ्यों पर आधारित और सत्य समाचार समाज तक पहुंचाना है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने पत्रकारिता की मर्यादा बनाए रखने और वरिष्ठों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब सभी सदस्य अनुशासन, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
बैठक में महावीर अग्रवाल, सुरेंद्र चेतवानी, राजेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, अतुल त्रिपाठी, जितेंद्र गुप्ता, जितेंद्र सोनी, बबलू तिवारी, नीरज गुप्ता, शिव प्रताप सिंह, संजय तिवारी, प्रदीप सिंह ठाकुर, निशामुद्दीन खान, छत्रमोहन यादव, सौरभ त्रिपाठी, अंकित बंसल, आकाश शर्मा, श्याम चौहान, अभिषेक शुक्ला, जितेंद्र अग्रवाल, हरि जायसवाल, मन्नू महंत, वैभव शर्मा, दिनेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


