*एनएच 43 पर लुचकी घाट में आमने-सामने से भिड़ीं दो बाइकें, 2 युवकों की मौत*
एनएच 43 पर लुचकी घाट में आमने-सामने से भिड़ीं दो बाइकें, 2 युवकों की मौत *मृतक की पत्नी समेत 2 गंभीर घायल; बच्चे की टीसी लेने जा रहा था मृतक संतोष कुजूर*
*एनएच 43 पर लुचकी घाट में आमने-सामने से भिड़ीं दो बाइकें, 2 युवकों की मौत*
*मृतक की पत्नी समेत 2 गंभीर घायल; बच्चे की टीसी लेने जा रहा था मृतक संतोष कुजूर*
लोक सीजी न्यूज नेटवर्क / जशपुर 17 मई 2026 : गुमला- कटनी नेशनल हाईवे 43 पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर शहर से लगे लुचकी घाट में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतरई निवासी 38 वर्षीय संतोष कुजूर अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक से घंघरी स्थित एकलव्य विद्यालय बच्चे की टीसी लेने अंबिकापुर आ रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे लुचकी घाट के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष कुजूर और दूसरी बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
भाजपा नेता ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, दूसरे मृतक और घायल युवक की अब तक नहीं हो सकी पहचान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा नेता अनिल जायसवाल ने तुरंत अपना वाहन रोककर घायल महिला और युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। बाद में दूसरे वाहन से दोनों मृतकों के शव भी अस्पताल लाए गए।
डॉक्टरों के मुताबिक, घायल महिला और युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज जारी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, दूसरे मृतक और घायल युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के एमसीबी जिले के निवासी होने की बात सामने आई है।


