विवाहिता से दुष्कर्म कर फरार हुआ मायक्रोफायनेंस लोन कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार
पति से अलग कर विवाहिता को शादी का झांसा देकर पत्नी के रूप में किराए के मकान में रखा था आरोपी, पीड़िता हुई गर्भवती
जशपुरनगर. जशपुर जिले के तपकरा थाना और करडेगा पुलिस चौकी क्षेत्र के एक ग्राम की एक विवाहित महिला को उसके पति से अलग कर, उससे शादी का वादा कर किराए के मकान में महिला को पत्नी के रूप में रखकर इसका लगातार दैहिक शोषण करने वाले माइक्रो फाइनेंस लोन कंपनी के मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, आरोपी घटना कार्य कर फरार चल रहा था।
आरोपी आशीष कुमार पैंकरा उम्र 28 साल निवासी बिरिमकेला थाना बतौली जिला सरगुजाके विरूद्ध थाना तपकरा में 64(2) बी.एन.एस. का अपराध दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 29 वर्षीय विवाहिता ने 8 मई को चौकी करडेगा थाना तपकरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, उसका मायका सीतापुर क्षेत्र में है, उसका विवाह चौकी करडेगा क्षेत्र के एक ग्राम के युवक से हुआ है। इसके पति की ओर से पूर्व से 1 पुत्र है। वर्ष 2018 से यह महिला स्व सहायता समूह के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही थी एवं समूह का संचालन कर रही थी।
पीड़िता को किराए के मकान में 3 वर्षों तक पत्नी के रूप में रखा
इसी दौरान वर्ष 2021 में स्पंदना मायक्रोफायनेंस लोन कंपनी का मैनेजर आशीष कुमार पैंकरा इनके गांव आया और काम पड़ेगा कहकर प्रार्थिया से उसका मोबाईल नंबर ले लिया और फिर वह फोन पर लगातार बात करने लगा। इसी दौरान माह मई 2022 में जब इसके घर में कोई नहीं था उस दौरान आरोपी इसके पास आकर झांसा देकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रार्थिया को अशीष अपने किराए के घर कुनकुरी ले जाकर 3 वर्ष तक पति-पत्नि के रूप में रखा। इस दौरान प्रार्थिया गर्भवती हो गई एवं आरोपी ने उससे शादी करने साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद प्रार्थिया की उक्त रिपोर्ट पर चौकी करडेगा में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामला दर्ज होते फरार हो गया था आरोपी
अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलने पर आरोपी आशीष कुमार पैंकरा फरार हो गया था, पुलिस द्वारा लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी, इस दौरान मुखबिर की सूचना पर उसके कुनकुरी क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी मिलने पर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किया है। आरोपी आशीष कुमार पैंकरा उम्र 28 साल निवासी बिरिमकेला थाना बतौली के विरूद्ध पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
वर्सन
जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, महिला संबंधी अपराध में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर।
-------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------