*शादी के 3 दिन बाद शौचालय जाने का बहाना कर निकली दुल्हन, रुपए-जेवर लेकर लापता; वापस लाने पहुंचे तो 50 हजार रुपए की मांग*

*शादी के 3 दिन बाद शौचालय जाने का बहाना कर निकली दुल्हन, रुपए-जेवर लेकर लापता; वापस लाने पहुंचे तो 50 हजार रुपए की मांग*

*शादी के 3 दिन बाद शौचालय जाने का बहाना कर निकली दुल्हन, रुपए-जेवर लेकर लापता; वापस लाने पहुंचे तो 50 हजार रुपए की मांग*

*शादी के 3 दिन बाद शौचालय जाने का बहाना कर निकली दुल्हन, रुपए-जेवर लेकर लापता; वापस लाने पहुंचे तो 50 हजार रुपए की मांग*

*लखनपुर थाना क्षेत्र के जमगला का मामला, छतरपुर निवासी महिला ने एसपी से की शिकायत; 23 मई को हुई थी बेटे की शादी*

लोक सीजी न्यूज / अंबिकापुर 9 अगस्त 2026 :- सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की रामकली बाई ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की शादी के तीन दिन बाद दुल्हन रात में शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकल गई। वह अपने साथ नकदी और जेवर भी ले गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

रामकली बाई के मुताबिक, जब परिजन दुल्हन की तलाश करते हुए ग्राम जमगला पहुंचे तो पता चला कि वह अपने मायके में है। आरोप है कि जब दूल्हा पक्ष के लोगों ने उसे वापस ले जाने की बात कही तो उनसे 50 हजार रुपए और देने की मांग की गई। इसके बाद परिवार को अपने साथ सुनियोजित तरीके से ठगी होने का संदेह हुआ।

23 मई को हुई थी शादी, पहले ही लिए 2 लाख रुपए; जांच और रकम-जेवर वापस दिलाने की मांग

छतरपुर जिले के बनभौरी चौकी अंतर्गत ग्राम बोरीस्यामत निवासी रामकली बाई ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि उसके बेटे तुलसी दास लोधी की शादी 23 मई 2026 को ग्राम जमगला निवासी युवती से हुई थी। शादी कराने में जमगला निवासी दो मध्यस्थों की भूमिका बताई गई है।

शिकायत के अनुसार, विवाह के दौरान दूल्हे पक्ष से 1 लाख रुपए नकद और करीब 1 लाख रुपए के जेवर लिए गए थे। शादी के बाद दुल्हन तीन दिन तक ससुराल में रही। चौथे दिन रात में उसने शौचालय जाने की बात कही और घर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली।

परिजनों का आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि दुल्हन जमगला स्थित अपने मायके में है। दूल्हा पक्ष का यह भी आरोप है कि कुछ लोग उसे चुपचाप अपने साथ ले गए थे। जब परिजन उसे वापस लाने पहुंचे तो कथित तौर पर उनसे 50 हजार रुपए और मांगे गए।

रामकली बाई ने बताया कि मामले की शिकायत 6 अगस्त को लखनपुर थाने में की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को एसपी को लिखित आवेदन दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज करने तथा दिए गए नकद रुपए और जेवर वापस दिलाने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी हुई है।