*संकल्प अस्पताल अंबिकापुर के बाहर हंगामा: ड्यूटी के दौरान महिला गार्ड की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन*
*संकल्प अस्पताल अंबिकापुर के बाहर हंगामा: ड्यूटी के दौरान महिला गार्ड की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन*
*संकल्प अस्पताल अंबिकापुर के बाहर हंगामा: ड्यूटी के दौरान महिला गार्ड की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन*
लोक सीजी न्यूज / 5 मई 2026 : अंबिकापुर शहर के दर्रीपारा में जिला अस्पताल के पीछे स्थित संकल्प अस्पताल में पदस्थ महिला सुरक्षा गार्ड की मौत के बाद मामला गरमा गया है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने मुख्य सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि मृतका को उचित मुआवजा दिया जाए, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने साफ इनकार कर दिया है।
प्रदर्शन के चलते मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत ड्यूटी के दौरान हुई है, इसलिए अस्पताल प्रबंधन जिम्मेदारी लेते हुए आर्थिक सहायता दे।
जनरेटर में फंसा दुपट्टा, सिर में गंभीर चोट से गई जान; गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होने की संभावना
जानकारी के अनुसार, अनिषा तिग्गा (26) पति अमित तिग्गा संकल्प अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। 2 मई को वह अस्पताल परिसर में लगे जनरेटर का डीजल लेवल जांच रही थी, तभी उसके गले में लिपटा दुपट्टा जनरेटर के पंखे में फंस गया। अचानक हुए इस हादसे में वह अनियंत्रित होकर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मामले में लापरवाही को लेकर अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, परिस्थितियों को देखते हुए गैर इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज किया जा सकता है।


