*सिंगीबहार - सिमडेगा मार्ग पर सकरीनाला में गिरा लोहा लोड ट्रक*
*सिंगीबहार - सिमडेगा मार्ग पर सकरीनाला में गिरा लोहा लोड ट्रक*
*सिंगीबाहर - अबीरा मार्ग का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी सड़क में विभाग ने छोड़ दिया पुराना जर्जर पुल, इसी खुले पुल से नीचे गिरा ट्रक*
लोक सीजी न्यूज / जशपुर 4 अगस्त 2026 :- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाल ही में निर्मित अबीरा–सिंगीबहार मार्ग पर स्थित सकरीनाला का जर्जर पुल मंगलवार को एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया। शाम करीब 4 बजे लोहे से लदा एक ट्रक पुल से गुजरते समय अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे में चालक और खलासी सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक सिंगीबहार से सिमडेगा की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सकरीनाला के पुराने और जर्जर पुल पर पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पुल से नीचे जा गिरा। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना प्रशासन व संबंधित विभाग को दी गई।
हादसों को न्योता दे रहा था पुराना जर्जर पुल
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का निर्माण तो हाल ही में कर दिया गया, लेकिन वर्षों पुराने और खस्ताहाल पुल को जस का तस छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि पुल की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो इसकी मरम्मत की गई और न ही नए पुल के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुल के नीचे गिरे ट्रक को निकालने के लिए भारी मशीनों की आवश्यकता पड़ सकती है। फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा है।
नए पुल निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सकरीनाला पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस बार तो चालक और खलासी की जान बच गई, लेकिन यदि समय रहते पुल नहीं बदला गया तो भविष्य में बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
वर्सन
इमरजेंसी मद से पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव स्वीकृति के विभाग को भेजा गया है, बरसात के बाद डायवर्सन बना कर नए पुल निर्माण की योजना है।
सनुज कुमार घृतलहरे, ई ई पीएम जीएस वाय, जशपुर।


